भिवानी: कृषि मंत्री बोले- अब खाद के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइनें
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का बड़ा ऐलान। अब पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को मिलेगी खाद। किसानों की समस्याओं और फसल बीमा योजना पर भी दी प्रतिक्रिया।
भिवानी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भिवानी में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अब खाद के लिए कहीं लाइनें नहीं लगेंगी। यदि कहीं लाइनें लगती हैं तो किसान उन्हें बताएं, वह खाद भिजवा देंगे। उन्होंने कहा कि पहले खाद आधार कार्ड पर मिलती थी जबकि अब मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को खाद उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई उसी किसान को मिलती है जो समय रहते पोर्टल पर अपनी जानकारी अपडेट करता है। डीएपी और यूरिया की उपलब्धता के संबंध में उन्होंने कहा कि किसानों को खाद वितरण की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाया गया है। बढ़ती महंगाई के सवाल पर श्याम सिंह राणा ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण दिक्कतें थीं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बचत के लिए अच्छे प्रयास किए हैं।