भिवानी: 220 KV टावर लाइन मुआवजे पर भेदभाव का आरोप; किसानों ने शुरू किया धरना
ढाणा नरसान से ईशरवाल 220 केवी टावर लाइन का मुआवजा न मिलने पर 9 गांवों के किसानों का प्रदर्शन। टिटानी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू।
भिवानी। ढाणा नरसान से ईशरवाल तक खड़ी की गई 220 केवी टावर लाइन का मुआवजा नहीं मिलने से प्रभावित किसानों ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी और युवा कल्याण संगठन के नेतृत्व में नौ गांवों के किसानों ने हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम पर भेदभावपूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर सभी प्रभावित किसानों को समान रूप से मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन गांवों के लोगों ने बिना उचित मुआवजे के टावर खड़े करने का विरोध किया और धरना दिया उन्हें मुआवजा दे दिया गया। वहीं जिन गांवों ने अधिकारियों के आश्वासन पर विरोध नहीं किया उन गांवों के किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला। अब निगम अधिकारियों ने यह भी कह दिया है कि इस मामले में आगे कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा।