गाजियाबाद: बकरीद पर ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी, पीस कमेटी की बैठक में सख्त निर्देश
गाजियाबाद में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी, सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी पर रोक और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्ती।
गाजियाबाद । ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर जनपद के संवेदनशील क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। मंगलवार को जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त ने जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक में दिशा निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, फोटो एवं वीडियो साझा न करने की अपील की।
बैठक का आयोजन
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार माँदड़ और अपर पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर), राज करन नैय्यर की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों से अपील की कि वे बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी की रस्म खुल या सार्वजनिक स्थान पर न की जाए, जिससे किसी की भावनाएं आहत न हो।
सुरक्षा व्यवस्था
अपर पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) ने कहा कि त्योहार के दौरान जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व्यवस्था की है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती रहेगी। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, फोटो एवं वीडियो साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करेगा तो उस पर सख्ती की जाएगी।
ईद के लिए निर्देश
जिलाधिकारी ने ईद पर मस्जिदों और ईदगाह में साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। निगम और संबंधित विभाग को कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेष के निस्तारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था समय से करने के लिए कहा। विद्युत विभाग को विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।