गाजियाबाद: AAP छात्र विंग की मांग, NEET परीक्षार्थियों को मिले निशुल्क बस सुविधा
आम आदमी पार्टी छात्र विंग ने नीट पुनर्परीक्षा के लिए छात्रों को यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की मांग की। कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।
गाजियाबाद । आम आदमी पार्टी की छात्र विंग ने नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को परीक्षा वाले दिन निशुल्क परिवहन सुविधा देने की मांग उठाई है। ताकि छात्र मानसिक तनाव में न रहे। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। छात्र विंग प्रदेश सचिव राकेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक होने का विरोध किया।
साथ ही आगामी नीट पेपर वाले दिन छात्रों को निशुल्क परिवहन सुविधा दिए जाने की मांग उठाई। प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव ने कहा ऐसी परिस्थिति में आम आदमी पार्टी प्रदेश सरकार से यह मांग करती है कि सरकार नीट पुनर्परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षार्थी बिना किसी आर्थिक एवं मानसिक दबाव के सरल, सुरक्षित एवं सुगम तरीके से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।