ग्रेटर नोएडा: अवैध निर्माण का विरोध करने पर दंपति पर हमला, मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नगला हांडा गांव में अवैध निर्माण का विरोध करने पर दबंगों ने दंपति को लाठी-डंडों से पीटा। पुलिस ने 4 आरोपियों पर केस दर्ज किया।
ग्रेटर नोएडा । जेवर स्थित नगला हांडा गांव में अवैध निर्माण का विरोध करने पर दंपति से मारपीट की गई। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर पति-पत्नी को घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जेवर के नगला हांडा गांव निवासी हसन मोहम्मद ने बताया कि उनके भूखंड पर शुक्रवार को उनका भाई खान मोहम्मद अवैध निर्माण करवा रहा था। जब हसन मोहम्मद और उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद खान मोहम्मद ने अपने बेटों अरबाज, शहबाज और जीशान के साथ मिलकर उन पर और उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दंपति घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने दंपति को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।