भिवानी: प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग में पालुवास के मुक्केबाजों का दबदबा
दिल्ली प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग में भिवानी के गांव पालुवास के मुक्केबाजों ने जीते 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक। एक ही परिवार के तीन खिलाड़ियों ने किया नाम रोशन।
भिवानी। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 6 से 10 जुलाई तक इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) द्वारा पहली प्रोफेशनल मुक्केबाजी लीग का आयोजन किया गया। यह लीग आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हुई थी। इस प्रतियोगिता में गांव पालुवास के तीन मुक्केबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। रविवार को पदक विजेताओं का गांव पहुंचने पर स्वागत किया गया।
अनूप कुमार ने कहा कि युवराज, अंकित और आदित्य ने यह साबित कर दिया है कि सही दिशा और कड़ी मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। सरपंच रणबीर सिंह ने इस दिन को गांव पालुवास के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत भावुक बताया। उन्होंने कहा कि अंकित और आदित्य के मुकाबले के दौरान पूरा गांव सांसें थामे मैच देख रहा था क्योंकि जीत चाहे किसी की भी होती, पदक पालुवास ही आता। इन मुक्केबाजों ने अपने गांव और प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है।