यमुनानगर: सास की 13वीं के दिन विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर केस

यमुनानगर के बेडथल गांव में विवाहिता हरप्रीत कौर की संदिग्ध मौत। परिजनों का आरोप- दहेज के लिए ससुरालियों ने दी जहर। पति सहित 4 पर मामला दर्ज।

यमुनानगर : यमुनानगर से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां जिले के व्यासपुर क्षेत्र के गांव बेडथल में सास की 13वीं के दिन विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके वालों ने  ससुरालियों पर गभीर आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान हरप्रीत कौर (30) पत्नी राजीव चौहान निवासी गांव बेडथल के रूप में हुई है। हरप्रीत का मायका चंडीगढ़ के सेक्टर-29बी में है। उसके पिता गुरदेव सिंह चालक हैं, जबकि माता सुनीता गृहिणी हैं। परिजनों के अनुसार हरप्रीत की शादी वर्ष 2016 में राजीव चौहान से हुई थी, जो जगाधरी में पशु चिकित्सक के रूप में कार्यरत है।

PunjabKesari

परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही हरप्रीत को दहेज और घरेलू विवादों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। हरप्रीत की सास बाला की हाल ही में मौत हो गई थी। रविवार को उनकी 13वीं का कार्यक्रम था, जिसमें मायके पक्ष से हरप्रीत के पिता, माता और भाई भी शामिल होने आए थे। वहां दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बाद में जब मायके वाले घर लौट गए तो भाई के मुताबिक रात को हरप्रीत की बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया कि उसकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही हैं।

सूचना मिलते ही पूरा परिवार दोबारा यमुनानगर पहुंचा। यहां उन्होंने देखा कि हरप्रीत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि हरप्रीत को ससुराल वालों ने जहरीला पदार्थ दिया या फिर ऐसी परिस्थितियां पैदा कीं, जिससे वह जहरीला पदार्थ खाने पर मजबूर हो गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.