Ghaziabad Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा के लिए गाजियाबाद रीजन से चलेंगी 200 स्पेशल बसें, भजनों से शिवमय होगा सफर
गाजियाबाद रीजन से कांवड़ यात्रा के लिए 200 विशेष रोडवेज बसें 30 जुलाई से चलेंगी। बसों में महादेव के भजन बजेंगे और 24 घंटे कंट्रोल रूम एक्टिव रहेगा।
गाजियाबाद रीजन की ओर से कांवड़ यात्रा के लिए कुल 200 रोडवेज बसें आरक्षित की गई हैं. इन बसों का संचालन 30 जुलाई से शुरू कर दिया जाएगा. यह बसें गाजियाबाद रीजन के कौशांबी, साहिबाबाद, लोनी, गाजियाबाद, हापुड़, खुर्जा, बुलंदशहर और सिकंदराबाद डिपो से हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए चलाई जाएंगी. बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन्हीं बसों के जरिए गंगाजल लेने के लिए रवाना होंगे.
परिवहन निगम ने सभी डिपो के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि जिन बसों में साउंड सिस्टम लगे हैं, उन्हें पूरी तरह दुरुस्त किया जाए. जिन बसों में साउंड सिस्टम नहीं हैं या खराब पड़े हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाएगा ताकि हर बस में सफर के दौरान भोलेनाथ के भजन सुनाई दें. अधिकारियों का मानना है कि भजनों से यात्रियों में ऊर्जा और उत्साह बना रहेगा.
कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए परिवहन निगम की ओर से एक विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा है. यह कंट्रोल रूम 1 अगस्त से 8 अगस्त तक लगातार (24 घंटे) संचालित रहेगा, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की रोस्टर के हिसाब से ड्यूटी लगाई जाएगी. कंट्रोल रूम से बसों के संचालन, यात्रियों की सुविधा, किसी भी तकनीकी खराबी और अन्य समस्याओं पर लगातार नजर रखी जाएगी. यदि किसी मार्ग पर बस से जुड़ी कोई दिक्कत आती है, तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा.
परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस बार केवल बसों की संख्या बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को बेहतर, सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देने पर विशेष जोर दिया गया है. बसों में बजने वाले भोलेनाथ के भजन पूरे सफर को शिवमय बना देंगे. ऐसे में हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले कांवड़ियों के लिए इस बार रोडवेज का सफर सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति का एक अलौकिक अनुभव साबित होगा.