Greater Noida City Bus: दादरी से बॉटनिकल गार्डन और कासना के लिए चलेंगे 2 नए रूट, बसों पर दिखेंगे रूट नंबर
ग्रेटर नोएडा में दादरी से बॉटनिकल गार्डन व कासना के लिए 2 नए सिटी बस रूट तय किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा में दो और रूट पर सिटी बसें चलेंगी। इसके लिए प्राधिकरण ने दादरी से सूरजपुर-कासना और दादरी से भंगेल-छलेरा होते हुए बॉटनिकल गार्डन तक दो नए रूट तय किए हैं। इसके अलावा बसों पर डिस्प्ले बोर्ड में रूट नंबर नजर आएंगे। इससे यात्रियों को आवागमन करने में आसानी होगी।
दरअसल, सिटी बस सेवा के रूप में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण द्वारा 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। इसमें नोएडा के हिस्से में 50 और ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के हिस्से में 25-25 बसें आई हैं। प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि सिटी बसों के रूटों में बदलाव की भी तैयारी है। जिन रूटों पर यात्री कम मिल रहे हैं, उन रूटों में संशोधन किया जाएगा। जहां पर यात्री मिल रहे हैं, वहां फेरे बढ़ाए जाएंगे। साथ ही, नए रूट भी बनाए जाएंगे।
ग्रेनो के रूट पर प्रति बस महज 13 यात्री मिले
ग्रेटर नोएडा में चार रूटों पर 25 इलेक्ट्रिक बसों में इन 40 दिनों के दौरान प्रतिदिन औसतन 331 यात्रियों ने सफर किया। इनमें प्रति बस महज 13 यात्री ही मिले। यह तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में सबसे कम औसत है। नोएडा में संचालित 50 इलेक्ट्रिक बसों में 40 दिनों के दौरान प्रतिदिन औसतन 1,004 यात्री और प्रति बस महज 20 यात्री ही मिले। दोनों शहरों में कम यात्री मिल रहे हैं। हालांकि, बसावट कम होने के बावजूद यमुना सिटी का औसत इन दोनों शहरों के मुकाबले काफी बेहतर है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25 इलेक्ट्रिक बसों में 40 दिनों के दौरान प्रतिदिन औसतन 758 यात्री रहे, इनमें प्रति बस यात्रियों की संख्या 30 रही है।
फेरे बढ़ाने की भी योजना
ग्रेटर नोएडा की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि सिटी बसों के रूट के नंबर तय किए जाएंगे। इन नंबरों को बसों पर डिस्प्ले किया जाएगा। साथ ही यात्रियों को बस सेवा का अधिक से अधिक लाभ देने के लिए रूटों में बदलाव और नए रूटों पर भी बस चलाने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा फेरे बढ़ाने की भी योजना है।
सात चार्जिंग स्टेशन का परीक्षण जल्द होगा
कासना डिपो में सात ईवी चार्जिंग स्टेशन बनकर लगभग तैयार हो गए हैं। इसी सप्ताह इनका ट्रायल शुरू हो जाएगा। इन सात स्टेशन पर एक साथ 14 बसें चार्ज हो सकेंगी। चार्जिंग सुविधा मिलने पर बसों के फेरे बढ़ जाएंगे। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा ईस्ट में तीन और वेस्ट में पांच और चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनके लिए जगह की तलाश की जा रही है। 15 स्टेशन बनने के बाद प्राधिकरण 15 और चार्जिंग स्टेशन बनाएगा। ऐसे में शहर में 30 स्टेशन हो जाएंगे, जहां एक साथ 60 बसें एक साथ चार्ज हो सकेंगी।