भिवानी में निजी स्कूल के 35 वर्षीय शिक्षक ने दी जान, कमरे से मिली जहरीले पदार्थ की शीशी

भिवानी के न्यू भारत नगर निवासी शिक्षक सावंत ने स्कूल परिसर में फंदा लगाकर दी जान। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भिवानी। शहर के न्यू भारत नगर निवासी 35 वर्षीय शिक्षक सावंत ने बुधवार को पतराम गेट स्थित फूलां देवी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परिसर में बने कमरे में फंदा लगा लिया। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार फंदा लगाने से पहले उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। मौके से जहरीले पदार्थ की एक शीशी भी मिली है।

सावंत फूलां देवी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे। बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह विद्यालय पहुंचे और बच्चों को पढ़ाया। इसके बाद वह विद्यालय की छत पर बने कमरे में चले गए। वहां उन्होंने फंदा लगा लिया। इसके बाद स्कूल स्टाफ से सूचना मिलने पर दिनोद गेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सावंत ने पहले जहरीला पदार्थ खाया और इसके बाद फंदा लगाया।

दिनोद गेट पुलिस चौकी प्रभारी राजेश ने बताया कि विद्यालय में शिक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि मृतक के पिता भूप सिंह के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतक दो बच्चों के थे पिता, छह माह पहले आया था नन्हा मेहमान
न्यू भारत नगर निवासी 35 वर्षीय सावंत निजी विद्यालय में शिक्षक थे। उनके दो बच्चे थे। करीब छह माह पहले ही उनके घर नन्हे मेहमान का जन्म हुआ था। परिजनों के अनुसार सावंत कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.