कैथल नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी के सामने दो युवकों पर चाकू से हमला, गांव में पुराने विवाद की रंजिश

कैथल के सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी के सामने 2 युवकों पर चाकू से हमला। पुरानी रंजिश में हुई वारदात, आरोपी फरार।

कैथल  : हरियाणा के कैथल से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी के सामने सोमवार को दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। वहीं खून से लथपथ दोनों जमीन पर गिर गए और आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान गांव क्योड़क निवासी अभिषेक (24) और कुलदीप (27) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवकों का रविवार को गांव में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों को गांव के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उन्हें वहां से रेफर कर जिला नागरिक अस्पताल कैथल भेजा गया था।

दोपहर करीब 12 बजे इलाज के लिए पहुंचे थे अस्पताल

दोनों युवक सोमवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज करवाने जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे थे। इसी दौरान इमरजेंसी वार्ड में उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल स्टाफ ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार दिया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर रवाना की गई हैं। पुलिस गांव में हुए पुराने विवाद और अस्पताल में हुए हमले के बीच कड़ी जोड़कर मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.