सरकारी आदेश की धज्जियां! 17 अगस्त की छुट्टी के बावजूद सोनीपत में खुले रहे प्राइवेट स्कूल

17 अगस्त को सरकारी छुट्टी के आदेश के बावजूद सोनीपत में खुले रहे निजी स्कूल। DEO ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश।

सोनीपत : सोनीपत में सरकार और जिला प्रशासन के छुट्टी के आदेशों की अनदेखी का मामला सामने आया है। 17 अगस्त को छुट्टी के आदेश के बावजूद कुछ निजी स्कूल खुले रहे और बच्चों को स्कूल बुलाया गया। आज सुबह स्कूलों के बाहर बच्चों की आवाजाही दिखाई दी।छोटे-छोटे बच्चे भारी-भरकम बैग लेकर स्कूल पहुंचते नजर आए। वहीं मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने साफ कहा है कि सभी ब्लॉक एजुकेशन अधिकारियों को खुले स्कूलों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं और संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

वहीं, सोनीपत के शिवा शिक्षा सदन में भी छुट्टी के दिन बच्चों के पहुंचने का मामला सामने आया है।जिला उपायुक्त नेहा सिंह की ओर से छुट्टी के आदेशों की पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद स्कूल खुले रहने से अब निजी स्कूल संचालकों की कार्यप्रणाली और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं, इस पूरे मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने कहा कि सभी ब्लॉक एजुकेशन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जितने भी स्कूल छुट्टी के दिन खुले हुए हैं, उनकी सूची तैयार की जाए।उन्होंने कहा कि संबंधित सभी स्कूलों को नोटिस दिया जाएगा और नियमों के मुताबिक स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.