गाजियाबाद: छात्र सूर्या चौहान की हत्या पर मायावती ने जताई चिंता, 3 गिरफ्तार
गाजियाबाद के खोड़ा में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या से तनाव। मायावती ने योगी सरकार को किया सतर्क, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार। जानें पूरी घटना।
बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी आज गाजियाबाद जिले की खोड़ा कॉलोनी में सूर्या चौहान नाम के लड़के की हत्या पर चिंता जताई है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिये योगी सरकार को सतर्क करते हुए अपराधियों के लिए सजा की मांग की है। बता दें कि, खोड़ा थानाक्षेत्र में बकरीद के दिन दोपहर में दूसरे धर्म के युवकों ने 11वीं के छात्र को चाकू से गोद दिया था, शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। इसके बाद हिंदू संगठन आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आज इस मामले में 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”यूपी के जिला गाजियाबाद में खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हुई हत्या की घटना अति दुखद व चिंताजनक है। इस प्रकार की आए दिन हो रही घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन व प्रशासन को सही कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करके उन्हें कानूनी सजा जरूर दी जाए।”
इसके साथ ही मायावती ने आगे लिखा, ”चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जाएगा, ऐसी घटनाओं के व्यापक दुष्परिणाम होंगे। अतः सरकार पूरी तरह सतर्क रहे।”
घटना के बाद से इलाके में तनाव
जानकारी के अनुसार, यह मामला दो धर्मों से जुड़ा होने और बकरीद के दिन दूसरे धर्म के छात्र पर जिस तरह से हमला किया गया, उसको लेकर क्षेत्र में भारी तनाव है। घटनास्थल के साथ सूर्या के घर व अस्पताल पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। हमले के बाद सूर्या के परिजनों के साथ हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़े ऐक्शन की मांग कर रहे हैं। खोड़ा के नवनीत विहार में आज भी सुबह से ही भारी भीड़ जमा है। लोगों में भारी आक्रोश है। कुछ ही देर में पोस्टमॉर्टम के बाद सूर्या का शव घर पहुंचेगा। पुलिस ने घर के आसपास का रास्ता रोक रखा है। इसके बाद भी कई हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी मौके पर मौजूद हैं, लोग नारेबाजी करते हुए सूर्या के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
3 आरोपी गिरफ्तार, दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए
गाजियाबाद के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने आज बताया, “खोड़ा पुलिस स्टेशन को एक किशोर पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। 29 मई को दोपहर 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आज खोड़ा पुलिस टीम ने इस मामले में 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित की गई हैं और उसे जल्द गिरफ्तारी कर लिया जाएगा। सभी तथ्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
आरोपी ने सूर्या को फोन कर बुलाया था
गौरतलब है कि खोड़ा के नवनीत विहार में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या चौहान 11वीं कक्षा में पढ़ता था। पास में ही रहने वाले दोस्त विक्की व आयुष के साथ सूर्या गुरुवार को घर के आसपास घूम रहा था। विक्की ने बताया कि पास में ही रहने वाले दूसरे धर्म के युवक ने फोन किया और बकरीद पर अपने यहां बुलाया था। सूर्या, विक्की व आयुष आरोपी के घर के बाहर पहुंचे। विक्की के मुताबिक, आरोपी बाहर आया और बोला कि कभी बकरा हलाल होते हुए देखा है। आओ तुम्हें दिखाते हैं। इस पर सूर्या ने इनकार कर दिया और वापस जाने लगा। इस बात पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। आयुष ने बताया कि गाली देने के विरोध पर आरोपी ने सूर्या के पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।