गाजियाबाद: राजनगर में टहलने निकले युवक से आईफोन लूट; बाइक सवार बदमाश फरार

गाजियाबाद के राजनगर में खाना खाने के बाद टहल रहे सरकारी कर्मचारी से बाइक सवार बदमाशों ने छीना आईफोन। कविनगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी।

गाजियाबाद । कविनगर थानाक्षेत्र के राजनगर में खाना खाने के बाद टहलने निकले युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने आईफोन लूट लिया। वारदात के बाद पीड़ित ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वह तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। राजनगर सेक्टर-7 में रहने वाले विवेकानंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राजकीय सेवा में कार्यरत हैं और किराये के मकान में रहते हैं। बीती 27 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे वह खाना खाने के बाद घर के बाहर टहलने निकले थे।

इसी दौरान जब वह एमएस पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाश उनके पास रुके। दोनों बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे। उनमें से एक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से आईफोन छीन लिया। घटना के बाद दोनों बदमाश बाइक लेकर तेजी से फरार हो गए। विवेकानंद का कहना है कि उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।पीड़ित की शिकायत के आधार पर 30 मई को कविनगर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.