गाजियाबाद से कुंडली तक आसान होगा सफर, रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के लिए दूसरा टेंडर जारी

दिल्ली मेट्रो फेज-4 के रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के लिए दूसरा टेंडर जारी हो गया है। गाजियाबाद से कुंडली तक सीधा मेट्रो सफर आसान होगा।

आउटर और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा सीमा से सटे लाखों दैनिक यात्रियों के लिए सफर अब और आसान व आधुनिक होने जा रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने फेज-4 के बहुप्रतीक्षित रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को गति देते हुए दूसरा टेंडर जारी कर दिया है।

इस टेंडर के तहत रिठाला से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण होगा। परियोजना का मुख्य आकर्षण दिल्ली का चौथा डबल डेकर कॉरिडोर होगा, जहां नीचे सड़क, उसके ऊपर वाहनों के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर और सबसे ऊपरी डेक पर रफ्तार भरती मेट्रो ट्रेन नजर आएगी। यह डबल डेकर कॉरिडोर रोहिणी सेक्टर-34 से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच एनएच-344पी के ऊपर बनेगा। इसकी कुल लंबाई 1.300 किलोमीटर होगी।

ये 10 नए स्टेशन

रोहिणी सेक्टर-25, रोहिणी सेक्टर-26, रोहिणी सेक्टर-31, रोहिणी सेक्टर-28, रोहिणी सेक्टर-29/30, रोहिणी सेक्टर-35, बरवाला, रोहिणी सेक्टर-34, बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-3/4, बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-1/2

3 अन्य डबल डेकर कॉरिडोर की स्थिति

● मजलिस पार्क-मौजपुरः निर्माण लगभग पूरा। रैंप का काम बाकी है, जो इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा।

● संगम विहार- खानपुर (गोल्डन/सिल्वर लाइन): महरौली-बदरपुर रोड पर तेजी से निर्माण जारी।

● आनंद विहार- डेरावल नगर / जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम निर्माण जारी है।

गाजियाबाद से लेकर कुंडली तक निर्बाध नेटवर्क

वर्तमान में चल रही ‘रेड लाइन’ (शहीद स्थल न्यू बस अड्डा, गाजियाबाद से रिठाला) का ही यह 26.46 किलोमीटर लंबा विस्तार है। इस पूरे रूट पर कुल 21 स्टेशन होंगे, जिसकी लागत लगभग 6,230 करोड़ रुपए है। परियोजना के 2029 तक पूरा होते ही गाजियाबाद (यूपी) से लेकर दिल्ली के रास्ते कुंडली (हरियाणा) तक का सीधा व सुगम मेट्रो सफर मुमकिन हो जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.