भिवानी: नीट परीक्षा संपन्न, छात्रों ने साझा किया अपना अनुभव

भिवानी में नीट परीक्षा का सफल आयोजन। छात्रों ने बताया भौतिकी और रसायन के प्रश्न कठिन, जीव विज्ञान रहा सामान्य। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम।

भिवानी। डॉक्टर बनने का सपना आंखों में संजोए अभ्यर्थियों ने रविवार को नीट में अपनी तैयारी और धैर्य की परीक्षा दी। जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने भौतिकी और रसायन के प्रश्नों को कठिन बताया जबकि जीव विज्ञान के सवाल सामान्य और एनसीईआरटी आधारित रहे। कठिन सवालों के बावजूद अभ्यर्थियों ने बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

नीट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित हुई। शहर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया था। प्रवेश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों ने अभ्यर्थियों की तलाशी ली तथा सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित वस्तु अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। अभ्यर्थियों का सामान उनके अभिभावकों को सौंपा गया। जिन अभ्यर्थियों के साथ कोई नहीं था उनका सामान केंद्र के पास निर्धारित स्थान पर रखवाया गया।

परीक्षा केंद्रों के आसपास बंद रहीं दुकानें
परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग संस्थान, फोटोस्टेट केंद्र, स्टेशनरी और अन्य संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। रविवार होने के कारण मुख्य सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही जिससे अभिभावकों को निजी वाहनों की पार्किंग में विशेष परेशानी नहीं हुई। परीक्षा केंद्रों के आसपास पीसीआर और पुलिस राईडर लगातार गश्त करते दिखाई दिए।

परीक्षा के लिए मैंने काफी समय पहले से तैयारी कर ली थी लेकिन अचानक पेपर रद्द होने की सूचना से मैं निराश हो गई थी। परीक्षा में अधिकांश सवाल कठिन थे मगर जीव विज्ञान के प्रश्न पाठ्यक्रम से संबंधित ही रहे। मुझे उम्मीद है कि मैं अपने प्रयास में सफल रहूंगी।

मैं परीक्षा को लेकर काफी समय से तनाव में थी। मुझे कुछ सवालों को हल करने में समय का विशेष प्रबंधन करना पड़ा। परीक्षा के बाद अब हल्का महसूस कर रही हूं। मुझे उम्मीद है कि मेरा यह प्रयास सफल रहेगा।

मैं अपने पिता के साथ यहां परीक्षा देने आई हूं। मुझे परीक्षा में भौतिकी और रसायन के सवाल कठिन लगे लेकिन मैंने उन्हें सुलझा लिया। मुझे उम्मीद है कि मैं अच्छा रैंक हासिल करने के अपने प्रयास में सफल रहूंगी।

नीट परीक्षा रद्द होने का मुझे दुख हुआ था लेकिन मुझे तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी मिल गया। मैंने उसका पूरा फायदा उठाया। परीक्षा में अपना बेहतर प्रदर्शन कर आई हूं। मुझे उम्मीद है कि उसी अनुरूप अंक मिलेंगे।

नीट में पूछे गए सवाल पाठ्यक्रम से जुड़े थे मगर उन्हें काफी घुमाकर पूछा गया था। इसी वजह से सवालों को हल करने में काफी समय लग रहा था। परीक्षा के दौरान मैंने एकाग्रता बनाए रखी और अपनी तैयारी के अनुसार प्रश्नों को हल किया।

मुझे परीक्षा शुरू होने से पहले काफी घबराहट हो रही थी मगर प्रश्नों को एक-एक कर हल करना शुरू किया तो सहज महसूस करने लगी। तय समय में सभी सवालों को हल करना बड़ी चुनौती रहा क्योंकि कई सवालों को काफी घुमाकर पूछा गया था।

मेरा बचपन से ही डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का सपना रहा है। इस सपने को साकार करने के लिए मैंने अपनी पूरी क्षमता के अनुसार परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है। मुझे उम्मीद है कि मैं अपने प्रयास में सफल रहूंगी।

परीक्षा में पूछे गए भौतिकी और रसायन के सवाल कठिन थे मगर जीव विज्ञान सामान्य था। मुझे सवाल हल करने में काफी समय लगा। इसी वजह से समय का संतुलित प्रबंधन करना पड़ा। नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा कि मेरा प्रयास कितना सफल रहा।

नीट की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम की मांग

नीट का पेपर रद्द होने से बच्चों को काफी निराशा का सामना करना पड़ा। इस तरह की परीक्षा को उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों के तहत ही संचालित किया जाना चाहिए। यदि परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है तो यह होनहार विद्यार्थियों के साथ बेईमानी है।

नीट देशभर के लाखों बच्चों की उम्मीदों की परीक्षा है जिसके जरिए वे अपने सपनों को उड़ान देते हैं। इस परीक्षा की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त और उच्च स्तरीय निगरानी व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की दिक्कतें न आएं।

मैं अपनी बेटी प्रियांशी को परीक्षा दिलाने आया हूं। जब तक वह परीक्षा केंद्र से बाहर नहीं आई तब तक मेरे लिए भी इंतजार की परीक्षा रही। मुझे उम्मीद है कि उसने अपनी तैयारी के अनुरूप सवालों को हल करने का प्रयास किया होगा। परीक्षा रद्द होने की सूचना से वह पहले निराश हो गई थी।

नीट की जिम्मेदारी ऐसी एजेंसी को मिलनी चाहिए जिसमें पेपर लीक या किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न हो। बच्चों ने परीक्षा के लिए काफी मेहनत की थी। जब उनके सामने पेपर लीक जैसी बातें आती हैं तो उनका मनोबल टूट जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.