Indirapuram Crime: शक्ति खंड में महिला से आईफोन झपटा, लोनी में मिली लोकेशन
इंदिरापुरम के शक्ति खंड-3 में बदमाशों ने महिला से छीना आईफोन 17 प्रो। 'फाइंड माई' फीचर से लोनी में मिली मोबाइल की लोकेशन। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में बदमाशों ने एक महिला से आईफोन छीन लिया। वारदात सेंट टेरेसा स्कूल के पास 22 मई को देर रात हुई, जब महिला कहीं जा रही थी। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिजनौर के नजीबाबाद स्थित आदर्श नगर निवासी स्नेह चंद्रा इंदिरापुरम में रिश्तेदार के यहां आई थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात करीब 9:40 बजे वह शक्ति खंड-3 क्षेत्र में सेंट टेरेसा स्कूल के आसपास टहल रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनका आईफोन 17 प्रो छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने एप्पल के फाइंड माई फीचर के जरिए अपने फोन को ट्रैक करने की कोशिश की। ट्रैकिंग के दौरान मोबाइल की अंतिम लोकेशन लोनी के इकराम नगर स्थित एक मोबाइल की दुकान की मिली। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पहचान कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।