Ghaziabad Crime: कार और सोने की अंगूठी के लिए विवाहिता को दी प्रताड़ना, 9 पर FIR

गाजियाबाद के नंदग्राम में दहेज के लिए विवाहिता को कमरे में बंद कर प्रताड़ित करने का मामला। SUV कार और सोने की अंगूठियों की मांग पर पति व सास-ससुर समेत 9 पर केस।

कार और सोने की अंगूठियों की मांग पूरी न करने पर ससुरालियों द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप -पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति, सास-ससुर समेत नौ लोगों पर नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता ने पति, सास-ससुर और ननदों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और कमरे में बंद करके रखने का आरोप लगाया है। आरोप है कि कार और सोने की अंगूठियों की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस आयुक्त से शिकायत के बाद नंदग्राम पुलिस ने नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

शादी के बाद की स्थिति

नंदग्राम थानाक्षेत्र के ब्रह्मपुरी घूकना निवासी नीतू ने बताया कि उसकी शादी सात दिसंबर 2023 को दिल्ली निवासी प्रशांत महलवाल के साथ हुई थी। शादी में परिजनों ने करीब 25 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से खुश नहीं था। आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही पति प्रशांत, सास शानवती, ससुर बलवान सिंह और ननदें गीता, अंजु, योगिता, हिमांशी, ज्योति व रितू उसे कम दहेज लाने के ताने देने लगे। उससे कहा जाता था कि पति के लिए एसयूवी कार और ननदोईयों के लिए सोने की अंगूठियां लेकर आओ, तभी घर में सम्मान मिलेगा। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति ऑफिस जाते समय कमरे के बाहर से ताला लगाकर चला जाता था और जरूरत पड़ने पर ही सास-ससुर ताला खोलते थे। पीड़िता का आरोप है कि उसे मायके जाने तक की अनुमति नहीं दी जाती थी। फरवरी 2024 में जब उसने मायके जाने की जिद की तो ससुराल पक्ष ने उसे पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाल दिया। बाद में परिवार के समझाने पर वह दोबारा ससुराल चली गई, लेकिन फिर भी प्रताड़ना जारी रही। इतना ही नहीं, पहनावे और बोलचाल को लेकर भी उसे ताने दिए जाते थे।

मारपीट की घटनाएं

बीचे अप्रैल माह में दोबारा मारपीट का आरोप

नीतू के मुताबिक सात अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद 18 अप्रैल को पति मायके पहुंचा और उसके और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि अब भी ससुराल पक्ष के लोग फोन कर धमकियां दे रहे हैं और दहेज की मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि 24 मई को ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.