लोनी: दोस्ती तोड़ी तो सनकी प्रेमी ने भाई को भेजा अश्लील वीडियो, इंस्टाग्राम पर भी किया वायरल
लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में दोस्ती खत्म करने पर युवक ने युवती का अश्लील वीडियो भाई को भेजा और इंस्टाग्राम पर वायरल किया। आरोपी आशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तलाश जारी।
लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती के प्रेमी ने उसके भाई को उसका अश्लील वीडियो भेज दिया। आरोपी ने ब्लैकमेल करते हुए रुपये की मांग की और फिर इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल कर दिए। मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। युवती ने पुलिस को बताया कि वह लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में रहती है। एक वर्ष पूर्व उसकी दोस्ती इंद्रापुरी कॉलोनी में रहने वाले आशु से हुई थी। इस दौरान युवक ने मोबाइल से कुछ फोटो और वीडियो बनाए थे। कुछ समय पहले युवक इलाके में ही चोरी करते हुए पकड़ा गया था।
हालांकि वह भागने में कामयाब रहा था। इसके बाद से ही पीड़िता ने आशु से बात करनी बंद कर दी थी। आरोप है युवक ने 27 मई को पीड़िता के भाई के मोबाइल पर उनकी अश्लील वीडियो भेजी और रुपये की मांग की। मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। तुरंत रुपये न भेजने पर आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाई और वीडियो वायरल कर रिश्तेदारों और पड़ोसियों को फॉलो करना शुरू कर दिया ताकि वे भी वीडियो देख सकें। प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो डिलीट कराने के साथ आरोपी की तलाश कर रहे हैं।