कैथल में ₹7 लाख के विवाद में ड्राइवर ने की आत्महत्या, वायरल वीडियो में 4 पर लगाए गंभीर आरोप

कैथल के ढांड गांव में 43 वर्षीय ड्राइवर दिलबाग ने धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले बनाए वीडियो में 4 लोगों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने केस दर्ज किया।

कैथल : हरियाणा के कैथल जिले के ढांड गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने धमकियों से तंग होकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। मरने से पहले एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला, जिसके बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरु कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 43 वर्षीय ढांड निवासी दिलबाग के रूप में हुई है, जोकि पेशे से ड्राइवर था। मृतक अपने पीछे पत्नी सुमन और एक बेटी को छोड़ गया है। घर का इकलौता कमाने वाला होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पति का गांव के काला और कृष्ण नामक के 2 युवकों से पैसों को लेकर विवाद था। दिलबाग ने दोनों को 7 लाख रूपए दिए थे जो समय पर वापस नहीं मिले। जब वह बार-बार पैसे मांगने लगा तो दोनों ने धमकियां देनी शुरू कर दीं। दोनों ने कहा कि अगर पैसे मांगे तो गांव की रहने वाली सीमा और रानी से दुष्कर्म करने का केस दर्ज करवाकर उसे जेल भेज देंगे।

मृतक की पत्नी ने बताया कि इसी से तंग आकर दिलबाग टूट गया था और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मरने से पहले वायरल वीडियो में चारों आरोपियों के नाम लेकर अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

वहीं मामले के लेकर ढांड थाना के SHO शक्ति सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के जो बयान है उस पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच शुरु कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.