Ghaziabad Crime News: महिला हेड कांस्टेबल आत्महत्या मामला, दिल्ली पुलिस का सिपाही गिरफ्तार, शादी का झांसा देने का आरोप

साहिबाबाद के एक होटल में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल की आत्महत्या मामले में पुलिस ने आरोपी सहकर्मी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद पुलिस ने बुधवार को दिल्ली पुलिस के 38 साल के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि उस पर 15 अगस्त को साहिबाबाद के एक होटल के कमरे में अपनी 37 साल की महिला सहकर्मी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। दिल्ली पुलिस की हेड कांस्टेबल रविवार 16 अगस्त को साहिबाबाद के एक होटल के कमरे में फंदे से लटकी पाई गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है।

पुलिस के अनुसार, महिला हेड कांस्टेबल 15 अगस्त की शाम करीब 7.15 बजे अकेले होटल में आई थी। आरोपी को उसी रात 10.03 बजे कमरे में जाते और 10.45 बजे के आसपास बाहर निकलते देखा गया था। साहिबाबाद के एसीपी अमित सक्सेना ने कहा कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाली शाम वह अपनी पत्नी के साथ था। महिला कांस्टेबल ने उससे होटल में आकर मिलने का दबाव डाला था। वह रात में होटल पहुंचा और 40 मिनट में वहां से चला गया। इसके बाद, महिला ने छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने बताया कि मृतक महिला और आरोपी दोनों ही गाजियाबाद के रहने वाले हैं। एसीपी ने आगे बताया कि 16 अगस्त को होटल के कर्मचारियों ने महिला को कमरे के सीलिंग फैन से लटका हुआ पाया। महिला के परिवार की शिकायत पर उस व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में एक ही जगह काम करने के दौरान वे दोनों दोस्त बने थे। आरोपी शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं, इसलिए वह उससे शादी नहीं कर सका। दोनों अलग-अलग जातियों के हैं।

पुलिस ने 17 अगस्त को साहिबाबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 69 (धोखाधड़ी आदि के जरिए यौन संबंध बनाना) के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होटल के रिकॉर्ड के मुताबिक वे दोनों अक्सर वहां जाते थे। पिछले एक साल में 33 बार चेक-इन करने की एंट्री मिली हैं।

महिला के पिता ने एफआईआर में कहा कि मेरी बेटी ने 14 अगस्त को अपनी मां को बताया था कि आरोपी उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था। 15 अगस्त की शाम को मेरी पत्नी ने उसे फोन किया तो बेटी परेशान लग रही थी। 16 अगस्त को उसने फोन नहीं उठाया। बाद में हमें पता चला कि वह एक होटल में मृत पाई गई। उसका अंतिम संस्कार करने के बाद मेरी पत्नी ने मुझे बताया कि बेटी ने उसे अपने उस सहकर्मी के बारे में बताया था जो कुंवारा होने का दावा करके उसे परेशान करता था और उसका शोषण करता था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.