Rakshabandhan Courier Service: रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों से भेजें राखी और उपहार, कौशांबी डिपो से शुरू हुई विशेष पार्सल सुविधा

रक्षाबंधन पर दूसरे शहरों में रहने वाले भाइयों तक रोडवेज बसों से आसानी से भेजें राखी और मिठाई। जानें कौशांबी डिपो की पूरी प्रक्रिया।

रक्षाबंधन पर दूसरे शहरों में रहने वाले भाई-बहन बसों के जरिए एक दूसरे को राखी और उपहार भेजकर त्योहार मना सकेंगे। रोडवेज की बसों में पार्सल सुविधा के जरिए सामान को संबंधित शहर तक पहुंचाया जाएगा।

नौकरी, कारोबार या अन्य कारणों से दूसरे शहरों में रहने वाले भाइयों तक राखियों पहुंचाने के लिए रोडवेज ने पहल की है। इसके लिए रोडवेज की ओर से अलग से व्यवस्था की जाएगी। त्योहार के दौरान डाक और निजी पार्सल सेवाओं पर निर्भर रहने वाले लोगों के लिए रोडवेज की यह सुविधा एक वैकल्पिक माध्यम बनेगी। दरअसल, रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा करते हैं। वहीं, कई बहनें किसी कारण से अपने भाई के पास नहीं पहुंच पातीं। ऐसे में एक-दो दिन में राखी पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। इस तरह की दिक्कत को देखते हुए रोडवेज ने राखी पहुंचाने का जिम्मा उठाया है।

कौशांबी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अंशु भटनागर ने बताया कि रोडवेज बसों के जरिए पार्सल भेजने की सुविधा का लाभ उठाकर बहनें अपने भाइयों तक राखी के साथ अन्य सामान भी पहुंचा सकती हैं। त्योहार पर बसों का नियमित संचालन होता है और बसों के फेरे भी बढ़ा दिए जाते हैं। इस कारण बहनों की राखी को समय पर भाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए भाइयों और बहनों को डिपो पर स्थित पार्सल सेवा केंद्र पर राखी और सामान पहुंचाना होगा। दूरी के हिसाब से किराए देना होगा।

इस तरह पहुंचेगा सामान

अधिकारियों के अनुसार रास्ते में पड़ने वाले गांवों में अगर राखी पहुंचानी होगी तो चालक या परिचालक संबंधित व्यक्ति को पहले ही फोन कर देंगे। अगर डिपो तक राखी ले जानी होगी तो वहां बने पार्सल केंद्र में रख दिया जाएगा। वहां से संबंधित व्यक्ति राखी ले जा सकेंगे। रक्षाबंधन पर मिठाई, कपड़े, सूखे मेवे और अन्य उपहार भी दिए जाते हैं। बसों से ये भी ले जाने की सुविधा मिलेगी। रोडवेज की पार्सल सुविधा लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। बहनें कौशांबी डिपो पर प्रक्रिया के तहत सामान जमा करा सकती हैं।

पार्सल को सुरक्षित तरीके से पैक करना होगा

रोडवेज बसों से सामान भेजने की सुविधा का लाभ उठाने के लिए पार्सल को सुरक्षित तरीके से पैक करना जरूरी होगा। विशेष रूप से मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री को इस तरह पैक करना होगा कि रास्ते में उसके खराब होने या फैलने की आशंका न रहे। पार्सल पर भेजने वाले और प्राप्त करने वाले का नाम, पता और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा, जिससे गंतव्य पर सामान की पहचान और सुपुर्दगी में परेशानी न हो। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इसके लिए संबंधित एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन वाले पार्सल को अलग से भिजवाने की व्यवस्था की जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.