Modinagar Fraud: बुजुर्ग महिला से प्लॉट के नाम पर ₹12 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर FIR
मोदीनगर में बुजुर्ग महिला शांति देवी से ₹12 लाख की ठगी। दूसरे का प्लॉट अपना बताकर किया बैनामा। पुलिस की सुस्ती के बाद कोर्ट के आदेश पर सोनिया शर्मा के खिलाफ केस दर्ज।
मोदीनगर । भूखंड दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 12 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।जिला मेरठ के गांव रासना निवासी शांति देवी की मुलाकात मोदीनगर की देवनगर कॉलोनी निवासी सोनिया से हुई थी। सोनिया ने कहा कि गांव रोरी की विजयनगर कॉलोनी में उसका प्लॉट है और उसे बेचना चाहती है। इसके बाद शांति देवी ने उस प्लॉट का सौदा 12 लाख रुपये में कर लिया और रुपये देकर मोदीनगर तहसील में बैनामा करा लिया। जब महिला प्लॉट पर कब्जा लेने के लिए गई तो वहां पर जयकिशन नाम व्यक्ति मिला और उसने कहा कि यह प्लॉट उसने वर्ष 2007 में ले लिया था।
इसके बाद महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने मोदीनगर थाने और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने गाजियाबाद कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने मोदीनगर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सोनिया शर्मा निवासी मोदीनगर और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।