PMMVY Ghaziabad: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदन शुरू, जानें कैसे मिलेंगे ₹6000
गाजियाबाद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए 30 जून तक करें आवेदन। पहले बच्चे पर ₹5000 और दूसरी बेटी होने पर ₹6000 की मिलेगी आर्थिक सहायता। जानें पूरी प्रक्रिया।
गाजियाबाद । प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में आवेदन शुरू हुए। यह आवेदन 30 जून तक होंगे। योजना में गर्भवती महिलाओं को सहायता दी जाती है। बाल विकास अधिकारी शशि वार्ष्णेय ने बताया कि मातृ वंदना योजना में 30 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसके तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना के अंतर्गत पहले बच्चे के जन्म पर पांच हजार रुपये और दूसरे बच्चे के रूप में लड़की होने पर छह हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। पहली किस्त तीन हजार रुपये तब मिलती है, जब गर्भवती महिला की पहली प्रसव-पूर्व जांच (एएनसी) और टिटनेस का पहला टीकाकरण हो जाता है व टीकाकरण कार्ड पर एमलीटीएस या आरसीएच नंबर दर्ज होता है।
दूसरी किस्त शिशु के जन्म के बाद उसके तीसरे टीकाकरण के पूर्ण होने पर दी जाती है। वहीं दूसरे बच्चे के रूप में लड़की के जन्म पर छह हजार रुपये की राशि बच्ची के तीसरे टीकाकरण के बाद दी जाती है। उन्होंने बताया कि पात्र महिलाएं आधार कार्ड, एमसीपी कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।