जींद: बिजली कर्मियों से विवाद में सेलर मालिक ने चलाई गोली, एक घायल

जींद के हरनामपुरा गांव में बिजली कर्मियों से कहासुनी के बाद सेलर मालिक ने फायरिंग की। सैर कर रहे व्यक्ति को गोली लगी। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी।

जींद: गांव हरनामपुरा में बीती रात बिजली कर्मियों के साथ कहासुनी के चलते खफा सेलर मालिक ने रिवाल्वर से फायरिंग कर दी. एक गोली वहां पर सैर कर रहे व्यक्ति को जा लगी. जबकि बिजली कर्मी बाल-बाल बच गए. सेलर मालिक ने छह गोलियां दागी. सदर थाना नरवाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपित सेलर मालिक के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

सैर कर रहे हरनामपुरा निवासी सुरेंद्र को लगी गोली: गांव हरनामपुरा में बीती रात बिजली कर्मी बिजली ठीक कर रहे थे. उसी दौरान वहां पर सेलर का मालिक गांव धमतान साहिब निवासी बसाबा भी पहुंच गया. बिजली काटने को लेकर बसाबा और बिजली कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई. नौबत गाली गलौज तक जा पहुंची. जिसपर तैश में आए बसाबा ने अपने पास मौजूद रिवाल्वर से बिजली कर्मियों पर फायरिंग कर दी. एक गोली वहां पर पत्नी के साथ सैर कर रहे गांव हरनामपुरा निवासी सुरेंद्र (42) की सातल (जांघ) पर जा लगी. जबकि वहां मौजूद बिजलीकर्मी बाल-बाल बच गए. आरोपी ने रिवाल्वर से छह गोलियां दागी थी. घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया. घायल व्यक्ति को नरवाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया.

घटनास्थल से पांच खोल भी बरामद: घटना की सूचना मिलने पर नरवाना सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह, सदर थाना प्रभारी कमल फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोल भी बरामद किए हैं. पुलिस ने घायल सुरेंद्र की शिकायत पर गांव धमतान साहिब निवासी बसाबा के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

मांगों को लेकर सदर थाना नरवाना पहुंचे ग्रामीण और कर्मी: शनिवार को काफी संख्या मे गांव हरनामपुरा के ग्रामीण और बिजली कर्मी सदर थाना नरवाना पहुंचे. गिरफ्तारी की मांग पर उन्हें बताया गया कि आरोपित गिरफ्तार हो चुका है. फिर बिजली कर्मी की तरफ से अलग से एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए, जिस पर सदर थाना नरवाना पुलिस ने बिजलीकर्मी के बयान दर्ज कर अलग से दूसरा मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण और बिजली कर्मी थाने से हटे.

 

क्या बोले पुलिस अधिकारीः डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि “बिजलीकर्मियों के साथ कहासुनी में गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी को अदालत से रिमांड पर लिया गया है. आरोपित को लाइसेंस रद्द करने लिए लिखा गया है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.